Tuesday , September 15 2026

बेटे के जन्मदिन पर घर में पसरा मातम, दो भाइयों ने मां-बाप की हत्या कर मचाई सनसनी

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित भीमनगर कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो बेटों ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने माता-पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतकों की पहचान गंगाशरण (55) और उनकी पत्नी विमलेश (50) के रूप में हुई है। गंगाशरण पत्र वितरक होने के साथ डेयरी का भी संचालन करते थे। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात दोनों बेटे ललित और दीपक शराब के नशे में आपस में झगड़ रहे थे। माता-पिता ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने उन पर ही हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दंपती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। मृतक दंपती की बेटी ने दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उसने आरोप लगाया कि दोनों भाई शराब की लत के शिकार थे और अक्सर माता-पिता पर दो मंजिला मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाते थे। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था।

घटना ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया क्योंकि उसी दिन परिवार में बड़े बेटे ललित का जन्मदिन मनाया गया था। सुबह घर में उसकी लंबी उम्र और खुशहाली के लिए भजन-कीर्तन कराया गया, लेकिन रात होते-होते वही घर चीख-पुकार और मातम में बदल गया।

जांच में सामने आया कि दोनों बेटों की शराब की लत के कारण उनकी पत्नियां भी उन्हें छोड़कर जा चुकी थीं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण की पुष्टि होगी।

Check Also

यूपी लेखपाल भर्ती का इंतजार खत्म होने की ओर, 28,409 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद आएगा फाइनल रिजल्ट

उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 7,994 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *