Wednesday , July 22 2026

UP Cabinet: छात्राओं के लिए बड़ी सौगात, 50 हजार स्कूटी के साथ हेलमेट और पेट्रोल भी देगी सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें महिला सशक्तिकरण और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को भी स्वीकृति दी गई। योजना के तहत प्रदेश की करीब 50 हजार छात्राओं को पेट्रोल चालित स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पात्र छात्राओं को स्कूटी के साथ पंजीकरण, बीमा, आईएसआई प्रमाणित हेलमेट, आवश्यक एक्सेसरीज़ और पांच लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। स्कूटियों की खरीद गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

किन छात्राओं को मिलेगा लाभ?

योजना का लाभ प्रदेश के सभी प्रकार के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की स्नातक अंतिम वर्ष की टॉप-5 प्रतिशत छात्राओं को मिलेगा। इसके लिए अभिभावकों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये या उससे कम होना अनिवार्य है।

वहीं दिव्यांग, शहीद और निराश्रित परिवारों की छात्राओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इन श्रेणियों की छात्राओं के लिए केवल स्नातक उत्तीर्ण होना ही पात्रता होगी।

अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी

कैबिनेट ने उच्च शिक्षा विभाग के तहत शोध पीठ की स्थापना और महिला छात्रावासों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और शिक्षा का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा।

इसके अलावा कैबिनेट ने विधानसभा का आगामी मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई।

Check Also

बिलासपुर की सड़कों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, नीट पेपर लीक और राम मंदिर चंदा विवाद पर सरकार से जवाब मांगा

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला मुख्यालय में मंगलवार को कांग्रेस ने विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों को ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *