अमेरिका ने फिर किया ईरान पर बड़ा हमला, 90 सैन्य ठिकाने निशाने पर; ट्रम्प बोले- हर वार का 20 गुना जवाब देंगे
अमेरिका ने बुधवार देर रात ईरान पर एक बार फिर बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेना ने बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सीरिक और कोनारक समेत कई शहरों में करीब 90 सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना था।
हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “अगर ईरान ने फिर हमला किया तो अमेरिका 20 गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा।” ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उसे तेहरान पर भरोसा नहीं है कि वह किसी समझौते का पालन करेगा।
पिछले 24 घंटे के बड़े घटनाक्रम
- अमेरिका ने ईरान के 90 सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक करने का दावा किया।
- CENTCOM ने हमलों का वीडियो जारी कर बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल-ड्रोन स्टोरेज, नौसैनिक ठिकानों और सैन्य लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया।
- ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में बहरीन और कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया।
- ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि मौजूदा हालात में अमेरिका से किसी भी तरह की बातचीत संभव नहीं है।
तनाव के बीच भारतीय झंडे वाला तेल टैंकर ‘लीला वादिनार’ होर्मुज स्ट्रेट से वापस लौट गया।
ताजा अपडेट्स
- अहवाज में अमेरिकी हमले में 3 लोगों की मौत का ईरान ने दावा किया।
- IRGC ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने मशहद जाने वाले पुलों को भी निशाना बनाया।
- हमलों के बाद ब्रेंट क्रूड करीब 1% बढ़कर 78.80 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 74.26 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
- बहरीन में एयर रेड सायरन बजाए गए, जबकि कुवैत ने मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय करने की जानकारी दी।
- ट्रम्प ने कहा कि ईरान उनकी ‘हिट लिस्ट’ में उन्हें सबसे ऊपर रखता है, इसलिए उन्हें हर समय सुरक्षा का खतरा बना रहता है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi