Wednesday , August 5 2026

UP Weather Update: कहीं बारिश तो कहीं लू का कहर, 24 जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को प्रदेश के 24 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सहारनपुर, आगरा, झांसी समेत 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। सोनभद्र में सुबह तेज बारिश हुई, जबकि अधिकांश जिलों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून फिलहाल यूपी-बिहार सीमा के पास महराजगंज क्षेत्र में पिछले 5-6 दिनों से ठहरा हुआ है। विभाग का अनुमान है कि 23 जून से मानसून दोबारा सक्रिय होगा और परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 25 जून तक उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री हो सकती है।

दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि इससे तापमान में खास राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पूर्वी यूपी और बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्म हवाएं चलने तथा तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार देर रात प्रयागराज के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई, जबकि फर्रुखाबाद और कानपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार है। बांदा 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि वाराणसी में पारा 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम संबंधी गतिविधियां सीमित हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे उमस और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि 24 जून तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी और लू का असर भी गंभीर हो सकता है। मानसून की एंट्री के लिए अभी कम से कम पांच दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Check Also

RSS की कसौटी पर खरे उतरने वालों को मिलेगा मौका, टिकट से पहले तीन स्तर पर होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा में टिकट वितरण की प्रक्रिया ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *