Wednesday , April 1 2026

मुजफ्फरनगर में एक ही परिवार के 4 लोगों के शव मिले

मुजफ्फरनगर में एक ही परिवार के 4 लोगों के शव एक कमरे में मिले हैं। कमरा अंदर से बंद था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पति फंदे पर लटका मिला। पत्नी जमीन और दोनों बच्चे फर्श पर पड़े थे। बेटा 2 साल का और बेटी 1 महीने की थी।

घरवालों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच ईद के दूसरे दिन (22 मार्च) से झगड़ा चल रहा था। पति ने अपनी बहन को ईदी में 1700 रुपए दे दिए थे। इससे पत्नी नाराज हो गई थी। मंगलवार तड़के 4 बजे तक भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहा। इसके बाद सुबह पति-पत्नी और दोनों बच्चों की लाशें कमरे में मिलीं। दोनों की 5 साल पहले शादी हुई थी।

SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति ने पहले पत्नी और बच्चों की हत्या की, फिर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने परिवार के एक रिश्तेदार को बुलाया और पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

बंद कमरे में चार शव मिलने से हड़कंप

सरवट इलाके की गली नंबर-6 इरशाद (32), पत्नी नूरीन (28), दो साल के बेटे आहिल और एक महीने की बेटी अक्शा के साथ रहता था। इरशाद पेंटिंग का काम करता था। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक इरशाद के घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने उसके भाई नौशाद को बुलाया। नौशाद जब अंदर पहुंचा तो इरशाद, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। नौशाद ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

एक साथ चार लोगों की बॉडी मिलने की खबर पर सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SSP संजय कुमार वर्मा, ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा, CO मंडी राजू कुमार साव, डॉग स्क्वायड, एलआईयू और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

शराब के नशे में पत्नी को पीटता था इरशाद

नूरीन की बहन अर्शी ने कहा- शादी के महज 22 दिन बाद ही इरशाद ने उनकी बहन को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। वह अक्सर शराब के नशे में रहता था। छोटी-छोटी बातों पर नूरीन के साथ मारपीट करता था। कई बार उसने उनके सामने ही नूरीन को बुरी तरह पीटा। उसने मेरी बहन के नाखून तक तोड़ दिए, पेट में लात मारी।

सोमवार को नूरीन की दो बहनें उसके घर पहुंचीं, जिसके बाद परिवार में जमकर कहासुनी हुई। पड़ोसियों के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 4 बजे तक पति-पत्नी के बीच झगड़ा चलता रहा। इसके बाद अचानक घर में सन्नाटा छा गया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ईद पर बहन को 1700 रुपए देने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मंगलवार को घर के एक कमरे से पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

Check Also

CM योगी ने किया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने का ऐलान

प्रदेश में 1.89 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। इन्हें 8000 रुपए महीना मानदेय मिलता है। ऐसे ही 1.39 लाख सहायिकाओं को 4000 रुपए महीना मानदेय मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *