सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार के संभावित कैबिनेट विस्तार पर तंज कसते हुए कहा- ‘इन लोगों ने नवरात्रि में कैबिनेट विस्तार का तय किया है। यह तो रुठे हुए को मनाने का प्रयास है, जब बजट पूरा खर्च हो गया है, तो मंत्री बना रहे हैं। कई विभागों को जल्दी-जल्दी बजट दिया जा रहा। एक विभाग ने एक हजार करोड़ के टेंडर स्वीकृत भी कर दिए, उसमें सेवई मिली या गुझिया मिली, इसका पता नहीं चला है।’
रविवार को अखिलेश यादव ने मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह के दौरान लखनऊ में कई महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उनकी पत्नी और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव भी मौजूद रहीं।
उन्होंने दोहराया कि सत्ता में आने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपए देंगे। समाजवादी पेंशन फिर से शुरू करेंगे।
फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर मचे विवाद के बीच कहा- भाजपा अब पैसे देकर फिल्में बनवा रही है। उनका मकसद दूसरे दलों को बदनाम करना है।
दरअसल, 19 मार्च को रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधरः द रिवेंज’ में अतीफ अहमद नाम के किरदार को दिखाया गया है, जो रियल लाइफ में माफिया अतीक अहमद से मिलता है। फिल्म को कांग्रेस और सपा के नेता प्रोपेगेंडा बता रहे हैं।
सिलेंडर मुकद्दर में होगा तो मिलेगा नहीं तो लाइन में लग जाए
अखिलेश ने कहा- सिलेंडर तुम्हारे मुकद्दर का है। मुकद्दर होगा तो सिलेंडर मिलेगा, वरना लाइन में लग जाइए। मैं जब लोकसभा में था, तो एक चैनल के पत्रकार आए। बोले कि लखनऊ में मलिहाबाद के पास सपा नेता के घर कई सिलेंडर मिले हैं।
अभी मुझे पता चला कि झांसी में भाजपा के नेता ने सिलेंडर का पूरा ट्रक गायब कर दिया। पूरा ट्रक चोरी कर लिया और जब वापस किया तो आधे सिलेंडर खाली वापस किए। लेकिन दुर्भाग्य कि एक भी चैनल ने भाजपा का नाम नहीं लिया। अगर चैनल सच बोलने लगें तो परिवर्तन हो जाएगा।
यूपी में लॉ एंड ऑर्डर चरमराया, प्रशासन और पुलिस दोषी
अखिलेश ने कहा- गोरखपुर में बीजेपी नेता की हत्या के मामले में उनकी बेटी ने सीएम के ओएसडी पर आरोप लगाए हैं। लेकिन भाजपा सांसद डॉ. राधा मोहन अग्रवाल ने कहा कि अगर हत्यारों को बचाया तो मैं राज्यसभा में नंगा कर दूंगा। उनकी बेटी के आरोप सच हैं, कोई है जिसके दबाव में थाने से छोड़ा गया। सुनने में आया है कि शिकायत से नाम हटा दिया गया।
राधा मोहन के सीट छोड़ने पर ही मुख्यमंत्री उस सीट से विधायक बने। सजातीय लोगों को पता नहीं कौन-से पंख लगे हैं, बदायूं में दो अधिकारियों की हत्या के आरोपी को बचाया। बनारस में दिनदहाड़े छात्र की हत्या हुई। मथुरा में संत की हत्या हो गई। वहां का प्रशासन और पुलिस दोषी है।
पुलिस से पॉलिटिकल काम लिया जा रहा है। हथेली गरम पुलिस नरम के सिद्धांत पर काम कर रही है। पुलिस लॉ एंड आर्डर की हत्या कर रही है। गोरखपुर में लॉ एंड आर्डर ही हत्या हो गई है। इस सरकार को हटाए बिना कानून व्यवस्था अच्छी नहीं हो सकती। जहां-जहां झाजपा की सरकार है, वहां-वहां एनसीआरबी के आंकड़े बता रहे हैं कि महिलाएं और बेटियां असुरक्षित हैं। सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार भी वहीं है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi