लखनऊ में सीएम योगी ने कहा-9 सालों में बहुत काम किया गया है। इससे हर वर्ग को लाभ हुआ है। 9 एक शुभ अंक है, यह पूर्णता का प्रतीक होता है। अब हम इन वर्षों में किए गए प्रयासों पर मंथन करेंगे। 2029-30 तक यूपी को 1 ट्रिलियन इकोनॉमी वाला प्रदेश बनाया जाएगा।
कहा- अप्रैल से शुरू होने वाले नए वित्त वर्ष के लिए 9 लाख करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। हमने यूपी में 9 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं। इनमें 2 लाख 19 हजार नौकरियां पुलिस विभाग में दी गईं।
दरअसल, योगी सरकार के आज 9 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर सीएम योगी ने लखनऊ में वार्षिक किताब ‘नवनिर्माण’ का विमोचन किया। इसमें सरकार की उपलब्धियों को बताया गया है।
योगी बोले- पहले नौकरी निकलने पर महाभारत के रिश्ते वसूली करते थे
सीएम योगी ने सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा- यूपी में नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। किसान आत्महत्या को मजबूर थे। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। नौकरियां निकलते ही महाभारत के सारे रिश्ते वसूली के लिए निकल पड़ते थे। परिणाम यह हुआ कि प्रदेश का हताश-निराश युवा यूपी से पलायन करता था या फिर खुद को कोसने को मजबूर होता था।
ट्रेनिंग क्षमता बढ़ाई
2017 में जब पहली पुलिस भर्ती निकाली गई थी, तब ट्रेनिंग की क्षमता सिर्फ 3 हजार पुलिसकर्मियों की थी। हमने राजनाथ सिंह और अमित शाह से बात की।
उन्होंने कहा- अब 30 हजार की भर्ती कर दीजिए, बाकी फोर्स के ट्रेनिंग सेंटर लेकर वहां प्रशिक्षण कराइए। 2025 में 60 हजार पदों पर भर्ती की गई है। इनकी ट्रेनिंग यूपी में ही हो रही है, जिसमें 20 फीसदी बेटियां हैं। नवरात्रि के बाद ये लोग सेवा में आ जाएंगे।
2017 से पहले पुलिस पर लगातार आरोप लगते थे। हमने पुलिस व्यवस्था में बदलाव किया, उसे हाईटेक बनाया, पीएसी वाहिनियों को पुनर्जीवित किया और 3 महिला बटालियन बनाई। पुरानी सरकारों ने तो पीएसी को खत्म कर दिया था।
सिंगापुर-जापान के बिजनेसमेन आना चाहते क्योंकि यहां जीरो टॉलरेंस
सीएम योगी ने कहा, हम लोग पिछले दिनों सिंगापुर-जापान गए थे। वहां के मंत्री और व्यापारी ने कहा- हम यूपी में इसलिए आना चाहते हैं क्योंकि वहां जीरो टॉलरेंस की नीति है। यूपी में 2017 से पहले 14 हजार से कम उद्योग थे। अब हमारे पास 31 हजार से ज्यादा बड़े उद्योग हैं। 96 लाख एमएसएमई हैं।
इंवेस्टमेंट तब आता है जब सरकार की नियत अच्छी होती है। पहली की सरकार में वो नोएडा नहीं जाते थे, अंधविश्वास मानते थे। हमें भी रोका गया लेकिन हम नहीं माने। हमने कहा कि कुर्सी जाना हो तो चली जाए, लेकिन हम तो जाएंगे। आज देखिए, नोएडा और ग्रेटर नोएडा कितना तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
अब जापान, जर्मनी, सिंगापुर से निवेश आने लगे हैं। 15 लाख करोड़ का निवेश आ गया है। 6 लाख करोड़ का निवेश आने वाला है। हमारे पास इस वक्त लैंड बैंक है। निवेश मित्र हैं। इसलिए लोग यहां आने को तैयार हैं। कृषि क्षेत्र में भी यूपी तेजी से बढ़ रहा है।
3 लाख 16 हजार 800 करोड़ रुपए तो हमने गन्ना किसानों को भुगतान किया है। उस वक्त 300 रुपए प्रति क्विंटल था, हमने इसे 400 रुपए क्विंटल कर दिया। घटतौली बंद कर दी। अब मंडी शुल्क सिर्फ 1 फीसदी लिया जा रहा है। 99 हजार करोड़ रुपए किसान सम्मान निधि के जरिए उन्हें दी गई।
डिप्टी सीएम भूल गए रालोद मंत्री का नाम
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक स्टेज पर बैठे रालोद मंत्री अनिल कुमार का नाम भूल गए। बगल में खड़े सहयोगी ने याद दिलाया तो उन्होंने हाथ जोड़कर मंत्री से माफी मांगी। पास जाकर उन्हें गले भी लगाया।
कहा- गलती हो गई… मंत्रीजी, क्षमा करना। हम आपको देख नहीं पाए। हम सामने वालों की तरफ देखने लगे। लोकतंत्र में बहुमत की तरफ देखा जाता है।
डिप्टी सीएम की बातें सुनकर सीएम योगी समेत स्टेज पर बैठे सभी मंत्री मुस्कुराने लगे। ब्रजेश पाठक ने कहा- अनिल कुमार जुझारू और दलित समाज के बड़े नेता हैं। जयंत चौधरी के विश्वासपात्र हैं। हमारे पुराने मित्र भी हैं। 2007 में इनके चुनाव प्रचार में मैं गया था।
केशव बोले- अखिलेश गिरगिट की तरह रंग बदल रहे
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- 2016-17 याद आता है, जब हम लोगों ने सपा की अराजक सरकार के खिलाफ आंदोलन किया था। यूपी दंगा और गुंडा वाला प्रदेश था। थाने से लेकर तहसील तक गुंडे और माफिया चलते थे।
अखिलेश यादव ने पूरा खजाना खाली कर दिया था। कानून व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था। अब जब 9 साल से ये लोग सत्ता से बाहर हैं, तो सत्ता पाने के लिए गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं। जब ये सत्ता में थे, तब इन्होंने गरीब और महिला वर्ग का कोई ख्याल नहीं रखा।
इनके समय में इन्वेस्टर्स मीट दिल्ली में करानी पड़ी थी। तब भी कोई व्यक्ति यहां पैसा लगाने को तैयार नहीं था। 2017 में हमारी सरकार बनी। हमने प्रदेश को व्यवस्थित किया। 2027 में हम 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करेंगे। 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में यूपी का विशेष योगदान होगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi